मैनपाट के सैला रिसॉर्ट पर विधानसभा में गूंजा सवाल, विधायक टोप्पो ने उठाई निरीक्षण की मांग
सरगुजा : पर्यटन स्थल मैनपाट में सैलानियों के लिए निर्मित सैला रिसॉर्ट को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा सत्र में मुद्दा उठाया। उन्होंने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से रिसॉर्ट की स्थापना, लागत, सुविधाओं और वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक टोप्पो ने बताया कि मैनपाट ब्लॉक प्रदेश का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है, जहां हर साल हजारों सैलानी पहुंचते हैं। ऐसे में सैलानियों के ठहरने की सुविधा के लिए वर्ष 2019 से 2021 के बीच सैला रिसॉर्ट का निर्माण कराया गया, जिसकी लागत 2137.38 लाख रुपये है। उन्होंने सवाल किया कि यह रिसॉर्ट कितने क्षेत्रफल में बना है, डीपीआर में किन-किन कार्यों को शामिल किया गया था और वर्तमान में वहां कौन-कौन सी सुविधाएं संचालित हैं।
इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने सदन में जवाब देते हुए बताया कि सैला रिसॉर्ट 8.093 हेक्टेयर भूमि पर पहाड़ी व चट्टानी क्षेत्र में निर्मित है। डीपीआर में ट्रायबल वर्कशॉप सेंटर, साइकिल ट्रैक, इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल, क्राफ्ट एवं हर्बल हाट, कैफेटेरिया, टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर, ओपन एंफीथियेटर, इंटरप्रिटेशन सेंटर, पार्किंग, जल आपूर्ति व्यवस्था, सोलर लाइट, वॉकवे, ब्रिज, सीसी रोड, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित कई सुविधाएं शामिल की गई हैं। रिसॉर्ट के मेंटेनेंस के लिए प्रतिमाह 67,630 रुपये की राशि निर्धारित है।
जवाब के बाद विधायक टोप्पो ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए स्थल निरीक्षण की आवश्यकता है, क्योंकि अभी भी कई कार्य अधूरे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि रिसॉर्ट के मेंटेनेंस कार्यों में स्थानीय स्व-सहायता समूहों को शामिल किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
इस मुद्दे के उठने के बाद अब सैला रिसॉर्ट की व्यवस्थाओं और कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं स्थानीय स्तर पर निरीक्षण और सुधार की मांग तेज हो गई है।
रिपोर्टर : रिंकु सोनी


No Previous Comments found.