पहाड़ों में कैद विकास: जहां पहली बार पहुंचा जनप्रतिनिधि, खुली सिस्टम की पोल”

सरगुजा - जिले के विधानसभा सीतापुर  के विकास के दावों के बीच सरगुजा जिले के बतौली मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत बासेन का सरस्वतीपुर-बेवराडीह आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। पहाड़ी और पहुंचविहीन इस इलाके में वर्षों से उपेक्षा का आलम ऐसा है कि कई पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन कोई जनप्रतिनिधि यहां तक नहीं पहुंचा। हालांकि,इस बार जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों और सरपंच के बुलावे पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो बिना किसी प्रोटोकॉल के देर रात दुर्गम रास्तों को पार कर गांव पहुंचे। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह और उम्मीद की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों ने बयां किया दर्द

गांव में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी यहां न सड़क है, न बिजली, न ही मूलभूत सुविधाएं। हालत यह है कि शासन की अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाएं यहां तक पहुंच ही नहीं पातीं, जिससे पूरा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है।

विधायक बोले— अब बदलेगी तस्वीर

विधायक टोप्पो ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन का लाभ अब इस अंतिम छोर तक भी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता में रखकर जल्द समाधान किया जाएगा।

लापरवाही पर सख्त रुख

कार्यक्रम के दौरान पंचायत सचिव की अनुपस्थिति पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही जनपद अधिकारियों को सचिव के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
 

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

इस दौरान भाजपा मंडल बतौली के मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, उपाध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल, महामंत्री विश्वनाथ यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
 
बड़ा सवाल:

जब आज भी जिले के ऐसे कई गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, तो आखिर अब तक जिम्मेदारों की नजर इन पर क्यों नहीं पड़ी? विधायक के इस दौरे के बाद अब देखना होगा कि सरस्वतीपुर-बेवराडीह की तस्वीर कब और कैसे बदलती है।

रिपोर्टर - रिंकू सोनी  

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.