आईआईटी भिलाई में पीएमश्री शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न,आधुनिक तकनीकों से हुए रूबरू
सरगुजा - छत्तीसगढ़ के पीएमश्री विद्यालयों में कार्यरत विज्ञान एवं गणित शिक्षकों के लिए “साइंस एंड टेक्नोलॉजी फॉर सस्टेनेबिलिटी” विषय पर आधारित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का सफल आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में राज्यभर से आए 148 से अधिक शिक्षकों ने भाग लेकर आधुनिक शिक्षा पद्धतियों एवं तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें पीएमश्री राज्य प्रभारी श्री आशीष गौतम के नेतृत्व में कार्यक्रम संचालित हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप दक्ष बनाना तथा उन्हें नवीनतम डिजिटल एवं वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़ना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्मार्ट लैब, 3डी प्रिंटर, नेचर लैब, ड्रोन टेक्नोलॉजी, गूगल क्लासरूम, साइबर साइकोलॉजिकल इम्पैक्ट, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म आधारित शिक्षण विधियां एवं आईआईटी की अत्याधुनिक लैब्स का अवलोकन कराया गया। इसके माध्यम से शिक्षकों को प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक शिक्षा को कक्षा में प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में प्रशिक्षित किया गया।
पीएमश्री योजना का उद्देश्य देशभर के विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना है, जहां डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लास, ग्रीन स्कूल, खेल एवं कौशल आधारित शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों। इस पहल के माध्यम से शिक्षा में गुणवत्ता और समानता लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। सरगुजा संभाग के प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत एक प्रभावशाली नाटक (स्किट) में आधुनिक शिक्षा, नवाचार और समग्र विकास की अवधारणा को जीवंत रूप में दर्शाया गया। नाटक में पारंपरिक सोच और नई शिक्षा प्रणाली के बीच संवाद को हास्यपूर्ण ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पीएमश्री सेजेस बतौली की शिक्षिका प्रतीक्षा पांडे ने प्रशिक्षण पर अपना अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव उनके शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
इस अवसर पर आशीष गौतम (राज्य प्रभारी), अनुराग जॉन एस्कॉट, श्वेता सिंह एस्कॉर्ट, अभिषेक सहारे (जोन लीडर दुर्ग), नितेश शर्मा (जोन लीडर रायपुर), पारुल ओझा (जोन लीडर बिलासपुर), अमरीन (जोन लीडर सरगुजा) एवं नोहर देवांगन (जोन लीडर बस्तर) की विशेष सहभागिता रही।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्टर - रिंकु सोनी


No Previous Comments found.