भीषण गर्मी और लू को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो की जनहित अपील
सरगुजा - क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने क्षेत्रवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन दिनों पड़ रही तेज धूप और लू का असर सीधे लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर बीमारी और हीट स्ट्रोक का कारण बन सकती है, इसलिए सभी नागरिक अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप में बाहर जाने से बचें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर निकलना पड़े तो छाता, गमछा, टोपी या सिर ढंकने वाले कपड़ों का उपयोग अवश्य करें। साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें और समय-समय पर पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम में बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को विशेष देखभाल की आवश्यकता है। छोटे बच्चों को अनावश्यक धूप में न भेजें तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। खेतों,बाजारों एवं निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों से भी सावधानी बरतने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने लोगों से कहा कि अपने आसपास के जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की मदद करें और उन्हें भी गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि “मानवता और जागरूकता ही इस भीषण गर्मी से बचने का सबसे बड़ा माध्यम है।” उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी व्यक्ति में चक्कर आना, उल्टी,तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। अंत में विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि “क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सभी लोग सावधानी बरतें,सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
रिपोर्टर - रिंकू सोनी


No Previous Comments found.