किसानों की भीड़ देख रुका विधायक का काफिला, लोगों के बीच पहुंच सुनीं समस्याएं

बतौली : सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो का एक अलग और जनसरोकार से जुड़ा अंदाज उस समय देखने को मिला, जब वे प्रोटोकॉल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मांगरी धान खरीदी केंद्र में किसानों की भारी भीड़ देखकर विधायक का काफिला अचानक रुक गया।

विधायक रामकुमार टोप्पो किसानों के बीच पहुंचे और आत्मीयता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि खेती के समय सबसे बड़ी परेशानी खाद की होती है। पर्ची मांगरी में कटती है, लेकिन खाद लेने के लिए किसानों को करीब 10 किलोमीटर दूर सेदम जाना पड़ता है, जिससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मांगरी में खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि किसानों को दूर भटकना न पड़े और समय पर खाद मिल सके। विधायक की इस पहल से वहां मौजूद किसान काफी खुश नजर आए और तालियां बजाकर उनका स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक रामकुमार टोप्पो हमेशा आम जनता और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हैं। उनकी कार्यशैली में क्षेत्र के विकास के साथ-साथ लोगों की समस्याओं का समाधान प्रमुखता से दिखाई देता है। यही कारण है कि वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर लोगों का भरोसा जीत रहे हैं।

रिपोर्टर : रिंकू सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.