भाजपा का ‘12 साल बेमिसाल’ महाअभियान शुरू, बतौली में हुई मासिक बैठक एवं वृक्षारोपण
सरगुजा - भारतीय जनता पार्टी मंडल बतौली की मासिक बैठक गुरुवार को औघड़ आश्रम परिसर में आयोजित की गई। बैठक भाजपा के “12 साल बेमिसाल – विकास के,विश्वास के एवं जनकल्याण के अभियान” के तहत संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय,डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि 5 जून से 23 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक के मुख्य अतिथि एवं मंडल प्रभारी जन्मजय मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ वृक्षारोपण
महाअभियान की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम से की गई। इस दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्य अतिथि ने सभी से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी, मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, महामंत्री ललिता तिर्की एवं विश्वनाथ यादव, उपाध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल, सुधा सिंधु महाराज, मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता, राजेंद्र पैकरा, रघुवेश्वर, सरोज गुप्ता, चूड़ामणि दास, विशाल गुप्ता, सत्यनारायण गुप्ता, शिवमंगल यादव, पुरुषोत्तम पैकरा, संकेत पैकरा, प्रदीप मिश्रा, राधेश्वर बेक, संतोष गुप्ता सहित मंडल के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, सह प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - रिंकु सोनी
No Previous Comments found.