ऑपरेशन क्लीन में बड़ी कामयाबी: 2 लाख रुपये के 200 नशीले इंजेक्शन के साथ तस्कर गिरफ्तार

सरगुजा - अंबिकापुर सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन क्लीन" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 2 लाख रुपये मूल्य के 200 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार,14 जून 2026 की रात्रि संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान थाना गांधीनगर क्षेत्र के सरना मैदान के पास स्कूटी सवार एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम वाहिद अंसारी निवासी थाना लुंड्रा क्षेत्र बताया। वर्तमान में वह पटपरिया में किराये के मकान में रह रहा था।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद काले रंग के पिठ्ठू बैग से कागज की 100 पुड़ियां बरामद हुईं। प्रत्येक पुड़िया में एक REXOGESIC Injection और एक AVIL Injection रखा गया था। इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 100 नग REXOGESIC Injection एवं 100 नग AVIL Injection, यानी कुल 200 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है। आबकारी विभाग ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत कार्रवाई की। शनिवार को उसे विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) अंबिकापुर की अदालत में पेश किया गया,जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि कई दिनों बाद संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को नशीले इंजेक्शनों के एक सक्रिय विक्रेता को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते जिले में इस कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है। अनेक तस्कर और विक्रेता पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं,जबकि कई लोगों ने अवैध कारोबार बंद कर दिया है या छिपकर गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तस्करों की बढ़ती सतर्कता के बावजूद आबकारी विभाग की टीम लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे "ऑपरेशन क्लीन" के तहत यह कार्रवाई विभाग की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के मार्गदर्शन में सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, रोहित सोनवानी, तथा आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर - रिंकू सोनी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.