प्राकृतिक खेती से आत्मनिर्भर बनेगा किसान, सरगुजा में 500 किसानों ने लिया संकल्प

सरगुजा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम अंबिकापुर में जैविक एवं प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशाला एवं किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भगवान बलराम के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया तथा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष एवं जिला कार्यक्रम संयोजक जिजेश्वर पाठक मंचासीन रहे।
कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक पाण्डुराम पैंकरा ने जैविक खेती की तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला, वहीं विषय वस्तु विशेषज्ञ (एसएमएस) वीरेन्द्र कुमार ने प्राकृतिक खेती के महत्व और उसके व्यावहारिक पहलुओं से किसानों को अवगत कराया।
कृषक वक्ता अनिमा खेस ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत कम होने के साथ भूमि की उर्वरता भी बढ़ती है। उन्होंने खेत की मेड़ एवं मुहाने पर गोबर कंडा आधारित प्राकृतिक खेती की सरल एवं सफल विधि भी किसानों को बताई।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिल निराला ने स्वागत भाषण दिया। निलेश सिंह ने जैविक खेती के महत्व पर विचार रखे, जबकि मुन्नालाल चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने किसान हितैषी योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल खेती की पद्धति नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लगभग 500 किसान एवं 200 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और किसान मोर्चा पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कृषि विभाग सरगुजा, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) अंबिकापुर, उद्यानिकी विभाग एवं सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर सभी किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का सामूहिक संकल्प लिया।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.