रिश्तों का कत्ल: बेटी-दामाद ने गमछे से घोंट दी पिता की सांस, खून के निशान मिटाने गोबर से लीपी जमीन
सरगुजा : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के बासाझाल बालापानी गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोटरसाइकिल की किस्त के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने ऐसा खूनी मोड़ लिया कि एक बेटी और उसके पति पर अपने ही पिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। इतना ही नहीं, पुलिस जांच के अनुसार घटना के बाद खून के निशान मिटाने के लिए जमीन को गोबर से लीपकर साक्ष्य नष्ट करने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक लोहर साय कोरवा घटना वाले दिन अपनी बेटी सोन कुंवारी और दामाद बंधन कोरवा के घर पहुंचे थे। मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद बढ़ा और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि आवेश में आकर दोनों ने गमछे का फंदा बनाकर उनका गला घोंटा और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल पर खून के निशान गोबर से ढंके मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 103(1), 238 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक ढंग से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले का शीघ्र खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।
रिपोर्टर : रिंकू सोनी
No Previous Comments found.