बोदा से निकला शिक्षा प्रोत्साहन का नया मॉडल, टॉपर्स के लिए जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग ने खोला पुरस्कारों का खजाना

सरगुजा : विकासखंड बतौली के संकुल बोदा में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव इस वर्ष केवल नामांकन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा को नई दिशा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बन गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए नगद पुरस्कारों की ऐतिहासिक घोषणाएं कीं, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जनपद पंचायत बतौली की उपाध्यक्ष मंजू हरी गुप्ता ने घोषणा की कि संकुल बोदा अंतर्गत वार्षिक परीक्षा में कक्षा 5वीं के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹5,000, कक्षा 8वीं के टॉपर को ₹8,000, कक्षा 10वीं के टॉपर को ₹10,000 तथा कक्षा 12वीं के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी को ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है और यह पहल बच्चों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरदचंद मेषपाल ने भी घोषणा की कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को ₹5,000-₹5,000 का विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोदा के प्राचार्य रविंद्र सिंह ने घोषणा की कि 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को ₹5,000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नानमणि पैकरा, जनपद पंचायत बतौली की उपाध्यक्ष मंजू हरी गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, जितेश्वर पाठक, राजेंद्र पैकरा, देवनाथ सिंह, सरोज गुप्ता, अनिमेष अग्रवाल, सूरज बहादुर, सत्यनारायण गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरदचंद मेषपाल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोदा के प्राचार्य रविंद्र सिंह, संकुल के अन्य प्राचार्य, जनप्रतिनिधि, सरपंच, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अतिथियों ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संदेश देते हुए कहा कि आज की मेहनत ही कल की सफलता का आधार बनेगी।
संकुल बोदा से शुरू हुई यह पहल पूरे विकासखंड के लिए प्रेरणा बन गई है। शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए की गई इन घोषणाओं को अभिभावकों और ग्रामीणों ने ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसकी सराहना की।

रिपोर्टर : रिंकू सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.