शाला प्रवेश उत्सव की धूम: तिलक,माल्यार्पण और न्योता भोज से हुआ नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत
सरगुजा - पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एवं शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बतौली के संयुक्त तत्वावधान में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर, लड्डू खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बतौली की उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति की अध्यक्ष मंजू हरी गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य नानमणि पैंकरा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा कार्यसमिति सदस्य हरी गुप्ता,राजेंद्र पैंकरा,सूरज बहादुर यादव,सुधा सिंधु वैद्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले 55 विद्यार्थियों तथा शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा नवमी में प्रवेशित 191 विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया। सभी बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद आयोजित न्योता भोज में सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरी गुप्ता एवं मंजू हरी गुप्ता ने कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्राचार्य प्रसन्न केरकेट्टा एवं प्राचार्य राजेश कुमार गुप्ता ने विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए नवीन भवन, अतिरिक्त कक्ष एवं अहाता निर्माण की मांग रखी। इस पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सभी मांगों को शासन स्तर तक पहुंचाकर यथासंभव पूरा कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में राजेंद्र पैंकरा, सूरज बहादुर यादव सहित सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया। प्राचार्यों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए पूरे शैक्षणिक वर्ष की गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम का सफल संचालन संगीत माधुरी एवं सत्येंद्र प्रजापति ने किया। आयोजन को सफल बनाने में दलवी इक्का, रामसेवक गुप्ता,अंकित अग्रवाल,आयुष पांडे,मनीष पाठक, अजय यादव, ममता गोस्वामी,सुषमा गुप्ता,संध्या गुप्ता,सुजीत जायसवाल,टी.बंजारे,सत्येंद्र पैंकरा,अनिल तिवारी,विनोद तिर्की सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्टर - रिंकु सोनी
No Previous Comments found.