स्कूल जाते नाबालिगों पर बतौली पुलिस का शिकंजा: 7 बाइक जब्त, 18 वाहन चालकों से ₹20,800 जुर्माना

सरगुजा : स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा नाबालिग अवस्था में दोपहिया वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बतौली पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह शांतिपारा क्षेत्र में विशेष जांच के दौरान स्कूल जा रहे 7 नाबालिग छात्रों की बाइक जब्त कर थाना परिसर लाया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹20,800 का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिगों के हाथों में वाहन सौंपना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी है। इसी को देखते हुए यह अभियान अब नियमित रूप से चलाया जाएगा, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अभिभावकों में भी जागरूकता बढ़े।
थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को बाइक या अन्य वाहन चलाकर स्कूल न भेजें। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन मालिक और संबंधित अभिभावकों पर भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बतौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के आसपास, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार जांच अभियान जारी रहेगा। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी आगे इसी तरह कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.