बतौली में गूंजा वंदे मातरम् राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा सरस्वती शिशु मंदिर
बतौली । सरगुजा जिले के बतौली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में शुक्रवार को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरस्वती शिक्षा संस्थान की योजना के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के संपूर्ण छहों पदों का सामूहिक गायन किया गया। सुबह ठीक 11 बजे शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के स्वर से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के 79 भैया-बहनों, 35 अभिभावकों, 6 पूर्व छात्रों, 9 आचार्य एवं कर्मचारियों तथा 9 समिति सदस्यों ने सहभागिता की। इसके अलावा विभिन्न संस्थानों से पहुंचे गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया।
गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बतौली की उपाध्यक्ष श्रीमती मंजु गुप्ता, परियोजना कार्यालय के प्रमुख श्री उमेश गुप्ता, स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश गुप्ता, DAV विद्यालय के प्राचार्य श्री अमित चौबे तथा पथरई के प्रधानपाठक श्री दयाराम पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं रोशन गुप्ता एवं धीरेंद्र गुप्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
वंदे मातरम् के इतिहास से कराया परिचित
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री उमेश गुप्ता एवं श्रीमती शशि मित्तल ने वंदे मातरम् के इतिहास एवं राष्ट्रीय महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वंदे मातरम् से जुड़ी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और देशभक्ति की भावना पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इसके महत्व से अवगत कराया। सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों, आचार्यों, कर्मचारियों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया।
अध्यक्ष ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद विद्यालय के अध्यक्ष श्री आयुष गुप्ता ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों, आचार्यों, कर्मचारियों एवं समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद दिया। नमामि भारतम् के माध्यम से आयोजित इस आयोजन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना, इतिहास के प्रति रुचि और मातृभूमि के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
रिपोर्टर :- रिंकू सोनी

No Previous Comments found.