दो दिन की बारिश बनी आफत: कच्चे मकान के साथ पक्का मकान भी धराशायी, परिवार बेघर
सरगुजा : सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोविंदपुर के लोहटंगा पारा में लगातार दो दिनों की बारिश एक परिवार के लिए भारी आफत बन गई। बारिश के बीच राजकुमार यादव पिता गिरधारी यादव का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय रात करीब 10 बजे परिवार घर के अंदर खाना खा रहा था। मकान की स्थिति बिगड़ते देख परिवार ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और कुछ ही देर बाद पूरा मकान धराशायी हो गया।
कच्चे मकान के साथ पक्का आशियाना भी नहीं बचा
हादसे में परिवार को सबसे बड़ा नुकसान इसलिए हुआ क्योंकि कच्चे मकान के ठीक बगल में बना दो कमरों का पक्का मकान भी मिट्टी के भारी दबाव की चपेट में आकर गिर गया। यानी परिवार का सिर्फ कच्चा घर ही नहीं, बल्कि रहने के लिए बनाया गया पक्का दो कमरों का हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
लगातार बारिश से मिट्टी खिसकने और दबाव बढ़ने के कारण दोनों मकानों के ढहने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। घर के अंदर रखा राशन, कपड़े, बर्तन और घरेलू उपयोग का सामान मलबे में दब गया।
एक झटके में छिन गया सिर से आशियाना
राजकुमार यादव, उनकी पत्नी सीता यादव और बच्चे संजय यादव (15), पुष्पा (17), अमस्या (14) एवं दीपा (12) अब सुरक्षित आश्रय की तलाश में हैं। मकान गिरने के बाद परिवार को पड़ोसियों के यहां शरण लेकर रात गुजारनी पड़ रही है।
गनीमत रही कि जिस समय मकान ढहा, उससे पहले परिवार बाहर निकल चुका था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बे-मौसम बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
बताया जा रहा है कि सरगुजा जिले में अचानक हुई बारिश से पहाड़ी और कच्चे मकानों वाले इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोविंदपुर का यह मामला भी बारिश से हुए नुकसान की गंभीर तस्वीर सामने ला रहा है, जहां एक परिवार का कच्चा मकान और उससे सटा पक्का दो कमरों का मकान दोनों ही क्षतिग्रस्त होकर गिर गए।
अब प्रशासन की राहत का इंतजार
मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने, खाने और घरेलू जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल मौके पर टीम भेजकर मकान क्षति का पंचनामा, राहत सामग्री, राशन, आर्थिक सहायता और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि बारिश की मार से बेघर हुए इस परिवार तक प्रशासन की राहत कितनी जल्दी पहुंचती है।
रिपोर्टर : रिंकु सोनी

No Previous Comments found.