एक छत के नीचे जुटे अधिकारी और जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

बतौली : शासन की मंशा के अनुरूप “आपकी सरकार, आपके द्वार” की भावना को साकार करते हुए मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को मंगल भवन बतौली में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा बतौली मंडल के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही छत के नीचे उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण की पहल की गई।

शिविर में सीतापुर एसडीएम प्राची ठाकुर, बतौली तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एल.एन. सिदार, बीएमओ डॉ. संतोष सिंह, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी पी. एक्का, बीईओ शरदचंद्र मेषपाल सहित भाजपा बतौली मंडल के जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन उमेश गुप्ता एवं लव गुप्ता ने किया।

60 आवेदन प्राप्त, 33 का निराकरण
शिविर में ग्रामीणों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल 60 आवेदन प्रस्तुत किए गए। प्राप्त आवेदनों में से 33 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है और उनका भी शीघ्र निराकरण किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

एसडीएम ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
शिविर में पहुंचीं सीतापुर एसडीएम प्राची ठाकुर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने पर जोर दिया।

एक ही स्थान पर विभागीय सेवाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से संपर्क कर अपनी समस्या रखने और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

शासन की योजनाओं की दी गई जानकारी
सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं की जानकारी दी गई। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी लिए गए।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा सेतु एवं समाधान शिविर अभियान के तहत आयोजित इस विकासखंड स्तरीय शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का मंच उपलब्ध कराया और शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.