मकान कांप रहे, खुले बिजली बॉक्स में करंट, पुलिया के किनारे मौत का जाल! NH पर घटिया निर्माण के आरोप, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 भी बेअसर

सरगुजा :  राष्ट्रीय राजमार्ग NH43 पर विकास और बेहतर आवागमन के दावों के बीच बतौली क्षेत्र में सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कहीं स्ट्रीट लाइट के बिजली बॉक्स का ढक्कन खुला पड़ा है और उसमें करंट चालू होने की शिकायत है, तो कहीं पुलिया के किनारे खुली नाली, बाहर निकली लोहे की छड़ें और बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि पुलिया से भारी वाहनों के गुजरने पर आसपास के मकानों में कंपन महसूस होने की शिकायत भी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

खुले बिजली बॉक्स में करंट, बच्चों और राहगीरों की जान को खतरा!

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाई गई स्ट्रीट लाइट के बिजली बॉक्स का ढक्कन खुला होने और उसमें करंट चालू होने की शिकायत सामने आई है। यदि यह स्थिति मौके पर सही पाई जाती है तो यह राहगीरों, बच्चों और आसपास के लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। आखिर विद्युत सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? खुले बिजली बॉक्स को सुरक्षित करने के लिए अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

पुलिया के किनारे खुली नाली, निकली लोहे की छड़ें

पुलिया के आसपास की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। नाली का ढक्कन खुला पड़ा है और उसमें से लोहे की बड़ी छड़ें बाहर निकली हुई हैं। सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों और मवेशियों के लिए यह बड़ा खतरा है। अंधेरे में कोई व्यक्ति या जानवर इस खुले हिस्से में गिर जाए तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं देने की शिकायत है।

साइड शोल्डर गायब, गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी

राष्ट्रीय राजमार्ग NH43 के किनारे साइड शोल्डर का निर्माण अधूरा होने और जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और मवेशियों के लिए सड़क किनारे चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बारिश, अंधेरे और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

पुलिया से भारी वाहन गुजरते ही कांपते हैं मकान

शिकायतकर्ता राजेश अग्रवाल का कहना है कि जब पुलिया से भारी वाहन गुजरते हैं तो उनके मकान में कंपन महसूस होता है। परिवार के लोग डर के साये में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक CC260700102448 के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने वास्तविक समस्या का समाधान करने के बजाय कागजों में कार्रवाई की खानापूर्ति कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार सड़क पर बार-बार पैच रिपेयरिंग की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। यदि सड़क और पुलिया की संरचना में तकनीकी खामी है तो केवल ऊपरी मरम्मत से समस्या कैसे दूर होगी? इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच जरूरी है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तक पहुंची शिकायत, अब उच्च अधिकारी को भेजा गया प्रकरण

शिकायत क्रमांक CC260700102448 के संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त संदेश में बताया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं होने के कारण प्रकरण उच्च अधिकारी को भेजा जा रहा है। यह स्थिति शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जनता की आवाज शासन तक पहुंचाने का माध्यम है, लेकिन शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत नहीं मिलना चिंता का विषय है।

ठेकेदार और जिम्मेदार विभाग की जवाबदेही तय हो

निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि निर्माण में तकनीकी खामी और जिम्मेदारी की पुष्टि निष्पक्ष जांच के बाद ही हो सकती है। संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण अथवा जिम्मेदार निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क, पुलिया, नाली, साइड शोल्डर और विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण करना चाहिए। निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए तथा जहां भी खामी मिले, वहां स्थायी सुधार कराया जाए।

अब सवाल जनता पूछ रही है..

क्या खुले बिजली बॉक्स को सुरक्षित करने के लिए किसी हादसे का इंतजार है? खुली नाली और बाहर निकली लोहे की छड़ों को कब ढका जाएगा? साइड शोल्डर और सड़क के गड्ढों की स्थायी मरम्मत कब होगी? पुलिया से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण मकानों में हो रहे कंपन की तकनीकी जांच कौन करेगा?

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुशासन सरकार में आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता को कागजों में निराकरण नहीं, जमीन पर सुरक्षित सड़क चाहिए। अब प्रशासन को तय करना होगा कि कार्रवाई हादसे से पहले होगी या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.