गाइड छात्राओं को दीक्षा संस्कार, बतौली में प्रथम सोपान शिविर का सफल आयोजन
सरगुजा - विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से 27 नवंबर को आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), बतौली परिसर में गाइड छात्राओं का सामूहिक दीक्षा संस्कार एवं प्रथम सोपान शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल तथा दीपक पूर्व माध्यमिक विद्यालय, शांतिपारा (बतौली) की गाइड छात्राओं ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। दीक्षा संस्कार के माध्यम से छात्राओं को स्काउट-गाइड के मूल सिद्धांतों, सेवा, सहयोग, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना से परिचित कराया गया। वहीं प्रथम सोपान शिविर के आयोजन ने गाइड गतिविधियों के प्रति छात्राओं में उत्साह और सीखने की भावना को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में बीपीओ (BPO) श्री उमेश गुप्ता उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में स्काउट-गाइड ब्लॉक सचिव श्रीमती मनीषा तिक्की, गाइड कैप्टन श्रीमती निर्मला एवं गाइडर दामिनी एसदा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामूहिक सहभागिता और मार्गदर्शन के माध्यम से छात्राओं को स्काउट-गाइड के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का संदेश दिया गया। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा की भावना को बढ़ावा देने वाला यह आयोजन छात्राओं के व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
रिपोर्टर - रिंकु सोनी

No Previous Comments found.