साठी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन चार वारंटी गिरफ्तार
साठी। न्यायालय के आदेश पर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ साठी पुलिस ने शुक्रवार की देर रात ताबड़तोड़ कार्रवाई की। थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर चार फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार चल रहे अन्य वारंटियों में भी हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों की पहचान मुशहरवा निवासी पंचदेव चौबे, साठी गांव निवासी स्वामीनाथ राम, बौद्ध टोला धमौरा निवासी पहलाद चौधरी तथा बौद्ध टोला लक्षनौता निवासी रामचन्द्र चौधरी के रूप में हुई है। चारों साठी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। बताया जाता है कि चारों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था और वे लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार निगरानी और सूचना संकलन के बाद शुक्रवार की रात अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस टीम की कार्रवाई इतनी तेज रही कि चारों वारंटियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
अब फरार वारंटियों की खैर नहीं
साठी थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंट का अनुपालन हर हाल में कराया जाएगा। फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जो वारंटी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे हैं, उनके खिलाफ भी लगातार छापेमारी की जाएगी। किसी भी वारंटी को कानून की पकड़ से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा। थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि न्यायालय से जारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे लोगों पर पुलिस की नजर है। आने वाले दिनों में भी ऐसे वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।
रिपोर्टर :- विनोद कुमार

No Previous Comments found.