सतना बस स्टैंड में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बस ने महिला को कुचला, इलाज के दौरान मौत

सतना : मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां बस स्टैंड परिसर में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बस ने एक महिला को कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने बस मालिक को बचाने के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

सतना शहर के बस स्टैंड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मिश्र बंधु बस सर्विस की एक बस ने एक महिला को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था, तभी महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक महिला भिंड जिले की निवासी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वह कोटर क्षेत्र के लखनवाह गांव स्थित अपने मायके में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आई हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बस मालिक को बचाने की कोशिश की जा रही है और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा
“हमारी बेटी शादी में शामिल होने आई थी, लेकिन लापरवाही की वजह से उसकी जान चली गई। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”

घटना की सूचना मिलते ही कोलगवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। देखना होगा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को कब तक न्याय दिला पाता है।

रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.