नेशनल लोक अदालत में 2888 प्रकरणों का निराकरण, 9.42 करोड़ से अधिक की समझौता राशि

सतना : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ शनिवार को जिला न्यायालय परिसर सतना में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतना श्रीमती गीता सोलंकी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा माँ सरस्वती एवं महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती सोलंकी ने न्यायालय परिसर में संचालित लोक अदालत की विभिन्न खंडपीठों का निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक, विद्युत एवं बीमा कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पक्षकारों से चर्चा कर अधिक से अधिक प्रकरणों के सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए प्रेरित किया।
नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत श्री प्रशांत कुमार निगम, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्रीमती नोरिन निगम, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष श्री बद्री विशाल पाठक, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मुहम्मद जीलानी सहित समस्त न्यायाधीशगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण एवं बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे।
नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कुल 2888 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिनमें लगभग 9 करोड़ 42 लाख 81 हजार 737 रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतना की सचिव श्रीमती रूपाली उईके ने बताया कि नेशनल लोक अदालत के जरिए बड़ी संख्या में मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निराकरण हुआ, जिससे संबंधित पक्षकारों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी मतभेद समाप्त कर सामाजिक सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देने का सराहनीय प्रयास किया गया है।

रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.