नागौद के वार्ड क्रमांक 13 में होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा
सतना : सतना जिले के नगर परिषद नागौद के वार्ड क्रमांक 13 में होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आचार संहिता के पालन को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सतना जिले के नगर परिषद नागौद के वार्ड क्रमांक 13 में होने वाले उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और दीवार लेखन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
प्रशासन के आदेश के मुताबिक शासकीय और अशासकीय भवनों पर किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री लगाने पर रोक रहेगी। चुनाव आचार संहिता के प्रभावी पालन के लिए नगर परिषद नागौद क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद नागौद और थाना प्रभारी नागौद को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला दण्डाधिकारी ने सभी लाइसेंसी हथियार धारकों को भी निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार वार्ड क्षेत्र में रहने वाले सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को अपने हथियार आदेश प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर संबंधित थानों में जमा कराना अनिवार्य होगा।
प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
फिलहाल प्रशासन चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक सख्ती का चुनावी माहौल पर क्या असर पड़ता है।
रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश


No Previous Comments found.