20 मई तक सभी एचएलबी में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश
सतना : जिले में चल रहे जनगणना कार्य के प्रथम चरण के अंतर्गत सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को उनके आवंटित सभी एचएलबी में मकान सूचीकरण का कार्य 20 मई तक शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के मार्गदर्शन में सोमवार को आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में दिए गए।
बैठक में आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने टीएल बैठक के एजेंडा अनुसार विभिन्न विभागों की गतिविधियों एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान एसडीएम एलआर जांगड़े, सुभाष मिश्रा, विभाग प्रमुख अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ तथा नगर पंचायतों के सीएमओ उपस्थित रहे।
जनगणना कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को 10 मई तक अपने-अपने ब्लॉक में 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया था। समीक्षा में पाया गया कि नगरीय क्षेत्रों, विशेषकर नगर परिषद क्षेत्रों में एचएलबी कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र के प्रगणक प्रतिदिन 40 से 50 मकानों का सूचीकरण एवं एचएलबी विजिट अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। बताया गया कि नगरीय क्षेत्रों की 14 एचएलबी में अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
बैठक में अन्य विभागीय समन्वय से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। इनमें सतना-पन्ना रेलवे बड़ी लाइन परियोजना, नर्मदा घाटी विकास की नहरों का निर्माण, सीएम मॉनिटरिंग, एपीसी बैठक की तैयारी, रोड सेफ्टी, ई-ऑफिस, गेहूं उपार्जन, खाद्यान्न वितरण, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता जैसे विषय शामिल रहे। साथ ही अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
उप संचालक कृषि आशीष पाण्डेय ने जानकारी दी कि खरीफ सीजन के लिए किसानों को उर्वरक का वितरण शत-प्रतिशत ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए किसानों के पास फार्मर आईडी होना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि किसानों को खरीफ मौसम में उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश


No Previous Comments found.