“प्रधानमंत्री आवास बना अवैध शराब का अड्डा, महिलाएं परेशान”

सतना : सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राहिकवारा गांव में इन दिनों अवैध शराब बिक्री खुलेआम जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक प्रधानमंत्री आवास से लंबे समय से शराब का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है, जिससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो चुका है।
ग्रामीणों के मुताबिक दिन ढलते ही यहां शराब लेने वालों की भीड़ लग जाती है। देर रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है, जिससे गांव की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार विवाद और गाली-गलौज जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि जिस प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को सुरक्षित आवास देना था, उसी मकान का उपयोग कथित तौर पर अवैध शराब बिक्री के लिए किया जा रहा है। इससे शासन की योजनाओं की भी छवि धूमिल हो रही है।
गांव की महिलाओं ने बताया कि शाम के समय घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। शराब के नशे में धुत लोग रास्तों में हंगामा करते हैं, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बना रहता है। बच्चों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि अवैध शराब बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
अब देखना यह होगा कि मध्य प्रदेश पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं, और राहिकवारा गांव के लोगों को इस समस्या से कब राहत मिलती।

रिपोर्टर : सूर्य प्रकाश 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.