शौर्य संकल्प योजना के तहत सेना भर्ती प्रशिक्षण हेतु बालक-बालिकाओं की स्क्रीनिंग संपन्न
सतना - ओबीसी वर्ग के 200 युवाओं को मिलेगा निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण मध्यप्रदेश के सतना जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित “शौर्य संकल्प योजना” के अंतर्गत सेना भर्ती प्रशिक्षण के लिए बालक एवं बालिकाओं की स्क्रीनिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिले के दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योजना का उद्देश्य ओबीसी वर्ग के युवाओं को सेना भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना है।
बुधवार को आयोजित बालिकाओं की फिजिकल स्क्रीनिंग के दौरान प्रशासनिक एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। स्क्रीनिंग प्रक्रिया की निगरानी डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते ने की। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी सुश्री रितिका दुबे, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग के.के.शुक्ला,खेल अधिकारी एस.पी. तिवारी,सैनिक कल्याण कार्यालय के इंद्र कुमार सिंह तथा पिछड़ा वर्ग विभाग के संदीप शुक्ला मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार,प्रथम दिवस मंगलवार को आयोजित बालकों की फिजिकल स्क्रीनिंग में कुल 165 युवाओं ने हिस्सा लिया था। इनमें से 100 युवाओं का चयन निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के लिए किया गया। वहीं दूसरे दिन बुधवार को आयोजित बालिकाओं की स्क्रीनिंग में 120 बालिकाओं ने भाग लिया, जिनमें से 100 बालिकाओं को प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया।
शौर्य संकल्प योजना के अंतर्गत चयनित 100 बालक एवं 100 बालिकाओं को सेना भर्ती की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा, जिसमें आवासीय सुविधा भी प्रदान की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार बालिकाओं का प्रशिक्षण कन्या शिक्षा परिसर सतना में संचालित होगा,जबकि बालकों का प्रशिक्षण पिछड़ा वर्ग बालक छात्रावास, जेल के पीछे स्थित परिसर में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मई से प्रारंभ किया जाएगा। योजना के माध्यम से युवाओं को शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा एवं सेना भर्ती की आवश्यक तैयारियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा सेना में भर्ती होकर देश सेवा का अवसर प्राप्त कर सकें। प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
रिपोर्टर - सूर्य प्रकाश

No Previous Comments found.