भगवान सांवलिया सेठ की भक्ति में किसान ने दान कर दी 3 करोड़ की संपत्ति, मंदिर के नाम की करोड़ों की जमीन

राजस्थान के डूंगरपुर जिले से आस्था और समर्पण की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। आसपुर तहसील के खेड़ा डामोर गांव के रहने वाले किसान अमरजी पाटीदार ने भगवान सांवलिया सेठ के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा दिखाते हुए करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की अपनी जमीन और मकान मंदिर को दान कर दिए। खास बात यह है कि उन्होंने यह दान किसी मनोकामना की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि केवल भक्ति और श्रद्धा के भाव से किया है।

कई सालों से था संपत्ति दान करने का संकल्प

जानकारी के अनुसार, अमरजी पाटीदार पिछले कई वर्षों से अपनी जमीन मंदिर के नाम करने की इच्छा जता रहे थे। सभी जरूरी कानूनी और दस्तावेजी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 23 जुलाई को मंदिर प्रशासन की टीम उनके साथ डूंगरपुर के आसपुर तहसील कार्यालय पहुंची, जहां जमीन की रजिस्ट्री मंदिर मंडल के नाम कराई गई। इसके बाद सांवलियाजी पहुंचकर उनके मकान की रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

16 बीघा जमीन में से सवा 10 बीघा मंदिर के नाम

अमरजी पाटीदार की कुल 16 बीघा जमीन में से फिलहाल सवा 10 बीघा भूमि मंदिर मंडल के नाम रजिस्ट्री की गई है। उन्होंने यह भी कहा है कि बची हुई जमीन भी आने वाले समय में भगवान सांवलिया सेठ को समर्पित कर देंगे। उनकी इस घोषणा के बाद इलाके में उनकी भक्ति और समर्पण की चर्चा तेज हो गई है।

पूरे जिले में हो रही चर्चा

अमरजी पाटीदार के इस फैसले की पूरे डूंगरपुर जिले में चर्चा हो रही है। लोग इसे भगवान सांवलिया सेठ के प्रति अटूट आस्था, निस्वार्थ भक्ति और समर्पण का दुर्लभ उदाहरण बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस खबर को लेकर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और किसान के इस कदम की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.