धर्म बदला तो आरक्षण गया! सुप्रीम कोर्ट का 'सुप्रीम' फैसला

धर्मांतरण और आरक्षण की बहस के बीच देश की सबसे बड़ी अदालत ने आज एक ऐसी 'लकीर' खींच दी है, जो दशकों तक नजीर बनेगी! जी हां सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि आस्था बदलने के बाद 'आरक्षण' का सुरक्षा कवच स्वतः ही गिर जाता है। अगर आप हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म को छोड़कर ईसाई या इस्लाम जैसे धर्मों को अपनाते हैं, तो आप अनुसूचित जाति (SC) के दर्जे और उसके विशेषाधिकारों के हकदार नहीं रहेंगे। क्या है यह पूरा मामला और कैसे एक 'पादरी' की याचिका ने तय कर दी दलित अधिकारों की नई सीमा? आइए जानते हैं इस स्पेशल रिपोर्ट में।

न्यायमूर्ति पी.के. मिश्रा और न्यायमूर्ति एन.वी. अंजारिया की बेंच ने मंगलवार को कानून की स्थिति पूरी तरह साफ कर दी। अदालत ने अपने ऐतिहासिक फैसले में कहा कि अनुसूचित जाति (SC) का दर्जा केवल उन लोगों तक सीमित है जो हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म का पालन करते हैं। किसी अन्य धर्म (जैसे ईसाई या इस्लाम) को अपनाने वाले व्यक्ति को न तो SC का दर्जा मिलेगा और न ही वे SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत कानूनी संरक्षण का दावा कर पाएंगे। दरअसल, यह मामला आंध्र प्रदेश के एक पादरी चिंथाडा आनंद से जुड़ा है। आनंद ने आरोप लगाया था कि उनके साथ जातिगत गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिसके लिए उन्होंने SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था। लेकिन, कानूनी दांव-पेंच तब उलझ गए जब आरोपी पक्ष ने सबूत पेश किया कि आनंद तो एक ईसाई पादरी हैं।

अदालत की अहम टिप्पणियां:

सक्रिय धर्मांतरण: कोर्ट ने पाया कि आनंद पिछले एक दशक से अधिक समय से गांव के घरों में रविवार की प्रार्थना सभाएं आयोजित कर रहे थे।

स्वतः समाप्ति: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जैसे ही आनंद ने ईसाई धर्म अपनाया और उसका सक्रिय प्रचार शुरू किया, उनका SC दर्जा 'मादिगा समुदाय' से कानूनी रूप से समाप्त हो गया।

पुरानी पहचान का दावा नहीं: चूंकि आनंद ने वापस अपने मूल धर्म में लौटने (Re-conversion) का कोई दावा नहीं किया, इसलिए उन्हें कानून की नजर में केवल 'ईसाई' माना गया।

इससे पहले आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट ने आनंद की FIR को यह कहते हुए रद्द कर दिया था कि एक ईसाई व्यक्ति SC/ST एक्ट के तहत शिकायतकर्ता नहीं हो सकता। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के इस तर्क को 'पूरी तरह सही' ठहराया है। कोर्ट ने साफ किया कि भले ही किसी के पास पुराना SC प्रमाणपत्र हो, लेकिन धर्म परिवर्तन के बाद उसकी कानूनी वैधता खत्म हो जाती है। सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय देश भर के उन लाखों लोगों के लिए एक बड़ा संदेश है जिन्होंने धर्मांतरण किया है लेकिन अभी भी आरक्षण या विशेष कानूनों का लाभ ले रहे हैं। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि SC दर्जा केवल संवैधानिक रूप से परिभाषित तीन धर्मों (हिंदू, सिख, बौद्ध) तक सीमित है। इस फैसले से उन मामलों पर रोक लगेगी जहां धर्मांतरण के बावजूद पुरानी जातिगत पहचान का इस्तेमाल कानूनी लाभ के लिए किया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने 'धर्म' और 'जाति' के संवैधानिक तालमेल को फिर से परिभाषित किया है। यह स्पष्ट हो गया है कि व्यक्तिगत आस्था बदलने की आजादी तो है, लेकिन उस बदलाव के साथ मिलने वाली सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारियों और अधिकारों की सीमाएं भी तय हैं। यह फैसला भविष्य में आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में एक मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.