गांव की बेटी शालिनी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, भोपाल संभाग बना राज्यस्तरीय क्रिकेट चैंपियन
भैरुंदा - 70वीं राज्यस्तरीय अंडर-17 बालिका शालेय क्रीड़ा क्रिकेट प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। शिवपुरी में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भोपाल संभाग ने इंदौर संभाग को रोमांचक मुकाबले में 2 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत से भैरुंदा क्षेत्र की बेटी और सैफरॉन क्रिकेट एकेडमी की खिलाड़ी शालिनी पेठारी ने भी अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन किया। फाइनल में इंदौर की टीम ने टॉस जीतकर भोपाल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भोपाल की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 106 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन वह 104 रन तक ही पहुंच सकी। इस तरह भोपाल संभाग ने 2 रन से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में भोपाल संभाग की टीम ने शानदार खेल दिखाया और अपने मुकाबलों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। शालिनी पेठारी भैरुंदा स्थित सैफरॉन क्रिकेट एकेडमी में अभ्यास करती हैं। उनके प्रदर्शन और टीम की इस बड़ी सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शालिनी की उपलब्धि उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। सैफरॉन क्रिकेट एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक राकेश पंवार (रक्का) ने शालिनी और भोपाल संभाग की विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शालिनी की उपलब्धि उसकी लगातार मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उसे इसी लगन से अभ्यास करते रहना चाहिए, ताकि आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर नए मुकाम हासिल कर सके। भोपाल संभाग की इस जीत और शालिनी की उपलब्धि से भैरुंदा क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
रिपोर्टर - संजय कलमोर

No Previous Comments found.