खेड़ापति हनुमान मंदिर में गूंजेगा सीताराम संकीर्तन,2 को उमड़ेगा आस्था का सैलाब

 सीहोर : भैरुंदा नगर सहित संपूर्ण क्षेत्र में आगामी 02 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। संकटमोचन हनुमान जी के जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र के सभी मंदिरों में विशेष तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विशेष रूप से नगर के प्राचीन एवं सुप्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर में इस वर्ष भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है। जहाँ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। खेड़ापति हनुमान मंदिर के पुजारी प्रकाश तिवारी ने बताया कि जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भगवान हनुमान का अलौकिक और भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजन की शुरुआत शाम 5:30 बजे से होगी। जिसमें सीताराम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय गायकों और श्रद्धालुओं द्वारा प्रभु श्री राम और भक्त शिरोमणि के भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी,जिससे पूरा वातावरण धर्ममय हो जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण शाम 7:30 बजे होने वाली महाआरती होगी। महाआरती के पश्चात भगवान को विशेष भोग लगाया जाएगा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम संपन्न होगा। केवल नगर ही नहीं,बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी हनुमान जयंती को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के अन्य प्रमुख हनुमान मंदिरों में भी सुबह से ही अभिषेक,सुंदरकांड पाठ और भंडारे के आयोजन सुनिश्चित किए गए हैं। मान्यता है कि खेड़ापति हनुमान मंदिर में दर्शन मात्र से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं,यही कारण है कि इस विशेष दिन पर यहाँ न केवल स्थानीय बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मत्था टेकने पहुँचते हैं।

रिपोर्टर : संजय कलमोर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.