ठेकेदार नियमों को तक में रखकर चला रहा था नाव एसडीएम सुधीर कुशवाहा पहुंचे बाबरी घाट
भेरूंदा : सीहोर जिले के बाबरी नर्मदा नाव घाट पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लंबे समय से लगातार यह देखा जा रहा था कि बाबरी घाट पर नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर एक किनारे से दूसरे किनारे पहुंचाया जा रहा था। आरोप हैं कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के लोगों की जान जोखिम में डालकर नाव संचालन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार उठाए जा रहे इन गंभीर सवालों के बीच, जबलपुर के बरगी बांध में हुए हादसे के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। भैरूंदा एसडीएम सुधीर कुशवाह ने बाबरी नाव घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और मौके पर ही नव ठेकेदार को सख्त चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब किसी भी स्थिति में क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव में नहीं बैठाया जाएगा और सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराना अनिवार्य रहेगा।
उन्होंने नावों की नियमित तकनीकी जांच, अनुभवी नाविकों द्वारा संचालन तथा घाट पर चेतावनी संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए। प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल यह भी है कि जब लंबे समय से नियमों की अनदेखी हो रही थी तो जिम्मेदार विभाग पहले क्यों नहीं जागा? क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा था?
फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई के बाद बाबरी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई दे रही है, लेकिन अब देखने वाली बात होगी कि यह सख्ती स्थायी रहती है या फिर कुछ दिन बाद हालात पहले जैसे हो जाते हैं।
रिपोर्टर : संजय कलमोर

No Previous Comments found.