नगर परिषद भैरुंदा में जनगणना 2027 का मकान सूचीकरण कार्य तेज़ी से जारी,3 प्रगणकों ने 4 दिन में पूरा किया 100% काम

भैरुंदा : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत नगर परिषद भैरुंदा क्षेत्र में मकान सूचीकरण का कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से चल रहा है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में कुल 41 प्रगणक एवं 7 पर्यवेक्षक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं इसी क्रम में नगर परिषद भैरुंदा के प्रगणक  पंकज पवार, महेश कुमार वर्मा एवं  सचिन राठौर ने उत्कृष्ट कार्य का उदाहरण पेश किया है। तीनों प्रगणकों ने उन्हें आवंटित ब्लॉक में मात्र चार दिनों के भीतर मकान सूचीकरण का शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया। खास बात यह है कि पंकज पवार को दो ब्लॉक आवंटित किए गए थे, जिन्हें भी उन्होंने चार दिन में ही पूरा कर एक मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि उनके समर्पण, लगन और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस सराहनीय उपलब्धि पर नगर परिषद भैरुंदा एवं जनगणना चार्ज अधिकारी  राम प्रसाद भावरे, जनगणना लिपिक  मनोज कुमार पासी, सुपरवाइजर  राजकुमार राठौर व  मोनिश कुमार जैन द्वारा तीनों प्रगणकों को फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। 
इस अवसर पर चार्ज अधिकारी ने सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य को त्रुटिरहित बनाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। 
नगर परिषद भैरुंदा के अध्यक्ष  मारुती शिशिर ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में प्रगणकों को सही जानकारी देकर अपना पूर्ण सहयोग करें, ताकि जनगणना का कार्य सफल हो सके।

रिपोर्टर : संजय 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.