विवाह के 48 दिन बाद संदिग्ध मौत, दहेज के लालच में फिर गई एक बेटी की जान
भैरूंदा : ग्राम खरसानिया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खरसानिया निवासी दीपिका, पिता द्वारका प्रसाद धावरे,का विवाह 7 अप्रैल को टिमरनी निवासी दुर्गेश, पिता गंगाचरण दामले, के साथ सामाजिक रीति-रिवाज और पारिवारिक सहमति से धूमधाम से हुआ था। विवाह को अभी मात्र 48 दिन ही हुए थे। दीपिका की मौत की खबर ने दोनों परिवारों सहित पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि सास, ससुर, पति और ननद ने मिलकर दीपिका का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष में शोक और आक्रोश का माहौल है।
वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि दीपिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल टिमरनी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को लेकर टीआई मुकेश गौर ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत का वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतका का अंतिम संस्कार ग्राम पंचायत खरसानिया से नीलकंठ घाट पर किया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। इससे स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या दहेज हत्या का।
रिपोर्टर : संजय कलमोर

No Previous Comments found.