विद्यार्थियों को दिया स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश

गोपालपुर : शासन द्वारा संचालित व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोपालपुर में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए “स्व-प्रबंधन एवं जीवन कौशल” विषय पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया कार्यक्रम में अतिथि वक्ता बी.के. नेहा लखेरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक संतुलन जैसे जीवन कौशलों को विकसित करना भी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि स्व-प्रबंधन का अर्थ अपने विचारों, भावनाओं, समय और व्यवहार को सही दिशा में व्यवस्थित करना है। समय का सदुपयोग, स्पष्ट लक्ष्य और अनुशासित दिनचर्या व्यक्ति को अपने उद्देश्यों की प्राप्ति में सहायता करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्यों को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया व्याख्यान के दौरान भावनात्मक प्रबंधन, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी एवं स्वस्थ जीवनशैली के साथ योग, प्राणायाम, आसन एवं मेडिटेशन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि नियमित योग एवं आसन शरीर को स्वस्थ रखने, प्राणायाम एकाग्रता बढ़ाने तथा मेडिटेशन मानसिक शांति एवं तनाव प्रबंधन में सहायक है इसके साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल एवं डिजिटल साधनों का संतुलित उपयोग करने, समय का सदुपयोग करने तथा नियमित एवं स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मअनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं आवश्यक जीवन कौशल विकसित करना रहा।
इसी क्रम में विद्यार्थियों को ब्रह्माकुमारीज़ के युवा प्रभाग की ओर से चलाए जा रहे “एक हैं हम… युवा संकल्प अभियान” के बारे में जानकारी दी गई। अभियान के माध्यम से एकता, सामाजिक सद्भाव, माता-पिता एवं वरिष्ठजनों के सम्मान, सकारात्मक सोच तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को अभियान के अंतर्गत दिए गए संकल्पों से अवगत कराते हुए प्रतिज्ञा एवं संकल्प भी करवाया गया, जिसमें उन्होंने एकता एवं अखंडता, सम्मानपूर्ण व्यवहार, सकारात्मक सोच तथा नियमित योग-ध्यान को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक संकल्प में सहभागिता की।

रिपोर्टर : संजय कलमोर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.