ग्राम पंचायत रिछड़िया में "स्वच्छता ही सेवा" अभियान का भव्य शुभारंभ, प्रभारी राजेश लखेरा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

नसरुल्लागंज : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर आज ग्राम पंचायत रिछड़िया में राष्ट्रीय अभियान "स्वच्छता ही सेवा" का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अभियान प्रभारी के रूप में राजेश लखेरा उपस्थित रहे, जबकि सह प्रभारी के रूप में अमित मीना ने अपनी गरिमामयी सहभागिता दी।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके तुरंत बाद अभियान प्रभारी राजेश लखेरा, सह प्रभारी अमित मीना, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पंचायत परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर "स्वच्छता ही सेवा" अभियान के तहत श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य भूमिका निभाते हुए अभियान प्रभारी राजेश लखेरा ने उपस्थित सभी ग्रामीण जनों, युवाओं और पंचायत स्टाफ को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी राजेश लखेरा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का दायित्व नहीं है, बल्कि इसे हमें अपने जीवन के संस्कार में शामिल करना होगा। बापू का सपना एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का था, जिसे हम सभी के सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर के साथ-साथ अपने परिवेश को साफ रखने की जिम्मेदारी उठानी होगी।
कार्यक्रम को सह प्रभारी अमित मीना ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में गांधी जी के विचारों और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंदगी अनेक बीमारियों की जड़ है। यदि हमारा परिवेश स्वच्छ रहेगा, तो गाँव का हर नागरिक स्वस्थ और समृद्ध होगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस राष्ट्रीय अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की।
इस गरिमामयी अवसर पर उपसरपंच प्रतिनिधि दीप सिंह पवार, पंच लोकेश पटेल, सचिव रामकृष्ण, भविष्य पंवार, सतीश पंवार, सुन्दर चौधरी, ममता मालवीय, मोहित पवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और ग्रामीण जन उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी ऊर्जा के साथ इस अभियान को सफल बनाने और गाँव को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : संजय कलमोर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.