सलकनपुर दर्शन मार्ग पर फिर हादसाः दो ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत, 15 घायल
रेहटी/बुधनी : मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर दर्शन मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात बुधनी हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत और दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की घटना के बाद अब ग्राम बायां के पास दो ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में 15 लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए रेहटी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। घायलों में से चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।
दर्शन कर लौट रहा था एक ऑटो, दूसरा श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा था सलकनपुर
जानकारी के अनुसार, एक ऑटो मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था, जबकि दूसरा ऑटो श्रद्धालुओं को लेकर दर्शन के
लिए जा रहा था। इसी दौरान ग्राम बायां के पास दोनों ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए रेहटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
पांच सीटर ऑटो में 15 सवारियां, ओवरलोडिंग ने बढ़ाई चिंता
हादसे के बाद ऑटो में ओवरलोडिंग का मुद्दा भी चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, पांच सीटर ऑटो में 15 सवारियां बैठाई गई थीं। निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक लोगों को बैठाकर सफर कराना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मार्ग पर ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है? सलकनपुर में बड़ी संख्या
में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यात्री वाहनों की क्षमता, सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। लगातार हो रहे हादसों के बीच ओवरलोड वाहनों पर निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
चिकित्सकों की टीम ने संभाला मोर्चा, चार गंभीर घायलों को किया रेफर
हादसे के बाद घायलों को रेहटी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने तत्परता से उपचार किया। चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नर्मदापुरम भेजा गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। घायलों के
उपचार के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्विनी दायमा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. वंदना यादव, डॉ. श्रुति दुबे, मेडिकल अधिकारी डॉ. रामनाथ धुसिया, डॉ. हेमंत साहू सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य केंद्र में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा टीम सक्रिय रही।
रात को ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर की टक्कर में गई थी जान
गौरतलब है कि बीती रात बुधनी हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर के बीच टक्कर हुई थी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद ग्राम बायां के पास दो ऑटो की भिड़ंत ने सलकनपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बीच अब यातायात व्यवस्था और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर सुरक्षित हो सके।
रिपोर्टर : संजय कलमोर

No Previous Comments found.