सभापति राजन नन्दन सिंह ने नगरवासियों से भीषण गर्मी के बीच जल संरक्षण की किया अपील

शिवहर-  भीषण गर्मी के दस्तक देते ही पेयजल की महत्ता को देखते हुए शिवहर नगर परिषद के सभापति राजन नन्दन सिंह ने आम जनमानस से जल संरक्षण की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, ऐसे में पानी की एक-एक बूंद को बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

सभापति ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यदि हम आज सचेत नहीं हुए और पानी की बर्बादी नहीं रोकी, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट एक विकराल रूप ले लेगा। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों से आग्रह किया है कि वे पानी का उपयोग केवल आवश्यकतानुसार ही करें। अक्सर देखा जाता है कि नलों को खुला छोड़ दिया जाता है या पाइप से सड़कों की धुलाई की जाती है, जो पानी की बड़ी बर्बादी है। इसे रोकना अनिवार्य है।

नगरवासियों को सुझाव देते हुए सभापति ने कहा कि घरों में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को बढ़ावा दें और उपयोग किए गए पानी का पुनः इस्तेमाल करने की कोशिश करें। साथ ही, उन्होंने कृषि कार्यों में भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि खेतों में टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन) जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर पानी की बड़ी मात्रा को बचाया जा सकता है।

राजन नन्दन सिंह ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य में बड़े और सकारात्मक परिणाम ला सकते हैं। उन्होंने अपील की है कि सभी नगरवासी संकल्प लें कि वे पानी को व्यर्थ नहीं बहने देंगे और जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। उन्होंने अंत में दोहराया कि "जल है तो कल है", और इस अमूल्य संपदा को सुरक्षित रखना हम सबका परम कर्तव्य है।


रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.