स्व-जनगणना अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 26 हजार से अधिक परिवारों ने किया पंजीकरण

शिवहर - जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियों के प्रयास से स्व-जनगणना अभियान को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस विशेष जागरूकता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को ऑनलाइन स्व-जनगणना के लिए प्रेरित करना तथा सही और पूर्ण जानकारी दर्ज कराना है।अभियान के तहत प्रखंड परियोजना प्रबंधक, प्रखंड एवं जिला स्तरीय कर्मी, सभी कैडर, संकूल संघ, ग्राम संगठन तथा जीविका दीदियां घर-घर जाकर लोगों को स्व-जनगणना की प्रक्रिया समझा रही हैं। “मैंने किया स्व-जनगणना, आपने किया क्या?” जैसे प्रेरक संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। प्रखंड परियोजना प्रबंधक, शिवहर सदर  लाल बाबू ने जीविका मित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना जनगणना की ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें निवासी अपने परिवार संबंधी विवरण स्वयं ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग 15 से 20 मिनट का समय लगता है तथा सफलतापूर्वक आवेदन के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होती है।

इस अभियान में क्षेत्रीय समन्वयक, सामुदायिक समन्वयक, जीविका मित्र एवं जीविका दीदियों ने सक्रिय भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से शिवहर जिले की विभिन्न पंचायतों में सैकड़ों परिवारों का स्व-जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक  गुलाम कौसर ने बताया कि अब तक कुल 26,440 जीविका परिवारों द्वारा स्व-जनगणना की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि स्टाफ एवं कैडर लगातार ग्राम संगठन और स्वयं सहायता समूहों में जाकर जीविका दीदियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जिले में जीविका दीदियों की सक्रियता और जागरूकता अभियान के चलते स्व-जनगणना कार्य को नई गति मिली है, जिससे आने वाले समय में और अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ने की संभावना है।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.