जिला जज ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
शिवहर - आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिवहर ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इसका उद्देश्य आम लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसमें अपने मामलों के निपटारे के लिए प्रेरित करना है। प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय पाने का एक सशक्त और सरल माध्यम है। इसमें आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और सुलहपूर्ण समाधान किया जाता है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का निपटारा नि:शुल्क कराएं।उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 1002 सुलहनीय आपराधिक मामलों एवं बैंक संबंधित मामले 4500 की पहचान की जा चुकी है। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के लगभा 300 से अधिक अन्य मामलों को भी लोक अदालत के लिए चिह्नित किया गया है। उन्होंने विशेष मोटर वाहन चालान मामले,बैंक ऋण, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा और अन्य सिविल मामलों के अधिक से अधिक निपटारे पर जोर दिया।वही जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सह जिला अपर मुख्य न्यायाधीश ललन कुमार रजक ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे लोक अदालत के लाभों को समझ सकें और इसका।अधिकाधिक फायदा उठा सकें।उन्होंने यह भी कहा कि लोक अदालत में मामलों के निपटारे से समय और पैसा दोनों की बचत होती है,साथ ही आपसी संबंधों में भी मधुरता बनी रहती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे 9 मई को व्यवहार न्यायालय शिवहर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराएं।मौके पर सभी न्यायाधीश एवं न्याय कर्मी व अन्य मौजूद रहे।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता

No Previous Comments found.