एसडीपीओ, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

शिवहर - जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में इस साल का दूसरा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन का शुभारंभ जिला जज डॉक्टर दीपक कुमार,जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी, फैमिली जज,एसडीपीओ सुशील कुमार,जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार,जिला बार स्टेशन के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह सहित न्यायाधीशों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। राष्ट्रीय लोक अदालत के संदर्भ में जिला जज डॉ दीपक कुमार ने आपसी सहमति, त्वरित न्याय और लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि लोक अदालत में हार-जीत नहीं, बल्कि सौहार्दपूर्ण समझौता होता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है और रिश्ते भी बचते हैं। डीएम प्रतिभा रानी ने संबोधित करते हुए कहा है कि  लोक अदालत का उद्देश्य बिना हार-जीत की भावना के सुलह समझौते के आधार पर मामलों का निपटारा करना है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में सस्ता और त्वरित न्याय मिलता है। जनता से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों (जैसे- चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, बैंक रिकवरी, ट्रैफिक चालान) को लेकर कोर्ट आएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने संबोधित करते हुए कहा है कि लोक अदालत न केवल न्यायालयों पर बोझ कम करती है, बल्कि विवादों को हमेशा के लिए खत्म कर समाज में शांति स्थापित करने में भी सहायक है।लोक अदालत में हुआ समझौता दोनों पक्षों को मान्य होता है और इसके खिलाफ अपील नहीं की जा सकती। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार ने कार्यक्रम के बारे में बताया कि आज के राष्ट्रीय लोक अदालत में 10152 मामले रखे गए हैं। विशेष कर ट्रैफिक चालान के लिए दो ब्रांच गठित किया गया है जिसका उद्घाटन जिला जज एवं डीएम प्रतिभा रानी के द्वारा फीता काटकर किया गया है। मौके पर व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायाधीश गण अधिवक्ता,जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग रवि, एलडीएम रवि शंकर प्रसाद,सहित अधिवक्ता सभी बैंकों के पदाधिकारी कर्मी आदि मौजूद रहे। 

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.