शिवहर पुलिस ने मानसिक रूप से विक्षिप्त भटकी बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंपा

शिवहर - थानाध्यक्ष तरियानी छपरा को सूचना प्राप्त हुई कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त बच्ची क्षेत्र में भटक रही है। सूचना प्राप्त होते ही तरियानी छपरा थाना पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।
बच्ची मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी तथा अपने घर एवं परिजनों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ थी। पुलिसकर्मियों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसे भोजन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इसके उपरांत पुलिस टीम द्वारा धैर्य एवं सूझबूझ से बच्ची से बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई। आसपास के थाना क्षेत्रों एवं सोशल मीडिया माध्यमों से भी जानकारी साझा की गई। लगातार प्रयास एवं सत्यापन के बाद बच्ची की पहचान सरिता कुमारी, पिता– जलंधर भगत, ग्राम– सलेमपुर, थाना– तरियानी, जिला– शिवहर के रूप में की गई। आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन उपरांत बच्ची को सकुशल उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची को सुरक्षित देखकर परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय व्यवहार के लिए आभार व्यक्त किया। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी पुलिस के इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस ने केवल अपनी ड्यूटी ही नहीं निभाई, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.