शिवहर में निगरानी की कार्रवाई ,कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू 8 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

शिवहर -  जिले में बुधवार की शाम निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार गिरी को 8,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी जिला कृषि कार्यालय, शिवहर स्थित उनके कार्यालय कक्ष से की गई। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है।मिली जानकारी के अनुसार, बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार एक महिला लाभुक से प्रेसिंग फ्लोर योजना के अनुदान की राशि जारी कराने के एवज में 8,000 की मांग कर रहे थे। महिला ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को जैसे ही रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी टीम ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी अधिकारी को अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।
नगर थानेदार ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस घटना के बाद कृषि विभाग समेत अन्य सरकारी दफ्तरों में चर्चा तेज हो गई है। आम लोगों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए रिश्वत मांगना गंभीर अपराध है और ऐसे अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

गौरतलब है कि इसी वर्ष पूरनहिया प्रखंड में भी राजस्व कर्मचारी रामप्रीत महतो को 10,000 रिश्वत लेते निगरानी विभाग ने गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से यह साफ है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार और निगरानी विभाग सख्त रुख अपनाए हुए है। शिवहर में हुई इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि रिश्वतखोरी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.