राम जानकी मठ में गूंजी बाल विवाह के खिलाफ आवाज, समाज ने लिया बदलाव का संकल्प
शिवहर - जिले के पुरनहिया प्रखंड अंतर्गत पुरनहिया गांव स्थित राम जानकी मठ परिसर में बिहार ग्राम विकास परिषद एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महंथ प्रभूशरण दास जी ने की। बैठक में बाल विवाह रोकथाम, बच्चों के अधिकार तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महंथ प्रभूशरण दास ने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए एक गंभीर अपराध और अभिशाप है।
इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी 18 वर्ष तथा लड़कों की शादी 21 वर्ष की आयु के बाद ही होनी चाहिए, ताकि बच्चे स्वस्थ, शिक्षित और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहे। महंथ जी ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह नहीं होने देने की शपथ दिलाई और कहा कि समाज के हर व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित महंथ,पंडित एवं समुदाय के लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली तथा शपथ पत्र भी भरे। कार्यक्रम में महंथ प्रभूशरण दास,पंडितगण,स्थानीय समुदाय के लोग एवं बिहार ग्राम विकास परिषद की ओर से कोमल कुमारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता

No Previous Comments found.