अमन, कुर्बानी और भाईचारे की मिसाल बनी बकरीद
शिवहर - त्याग,बलिदान और इंसानियत का पैगाम देने वाला पवित्र पर्व बकरीद गुरुवार को जिले में पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और अमन-चैन के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही जिले की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कर मुल्क में शांति, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। जिले के लचकापुल, इस्लामपुर टोला,गढ़वा,गड़हियां,परसौनी तैयब,खोर्ठा,बेलाही दुल्ल,रामबन,हिरौता, हिरम्मा,रामपुरकेशो,मेसौढ़ा,हता,चमनपुर धनकौल,मीनापुर बलहा,मेसौढा,बसहिया शैख,नयागांव,रामपुर यदु,फुलकाहां,समेत विभिन्न क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, सौहार्द व भाईचारे का संदेश दिया। बकरीद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने परंपरागत तरीके से कुर्बानी भी दी। लोगों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी पेश कर त्याग,समर्पण और इंसानियत का संदेश दिया। कुर्बानी के बाद जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण कर सामाजिक सद्भाव और मानवता की मिसाल पेश की गई। पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा स्वयं जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सौ से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। लचकापुल स्थित ईदगाह पर एसडीओ अविनाश कुणाल, एसडीपीओ अनुशील कुमार,नगर सभापति राजन नंदन सिंह,सीओ पल्लवी ठाकुर,सदर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह तथा महिला थानाध्यक्ष कल्याणी कुमारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं। बकरीद के अवसर पर कई स्थानों पर मेले का आयोजन भी किया गया,जहां बच्चों,युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। लोगों ने चाट,पकौड़े और आइसक्रीम का आनंद लेते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरे जिले में भाईचारे,सामाजिक सौहार्द और एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली, जिसने बकरीद के असली संदेश को और मजबूत किया।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता


No Previous Comments found.