नवोदय के लाल ने रचा इतिहास: बीपीएससी में 70वीं रैंक हासिल कर संजीत कुमार ने बढ़ाया शिवहर का गौरव
शिवहर - पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय,शिवहर की गौरवगाथा में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। विद्यालय के पूर्व छात्र संजीत कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में 70वां स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे शिवहर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से नवोदय परिवार और जिले भर में खुशी की लहर दौड़ गई है। संजीत कुमार ,पिता राम जन्म सहनी बिजधारी पश्चिम ,सुंदरपुर केसरिया ईस्ट चंपारण निवासी है। संजीत कुमार जवाहर नवोदय विद्यालय, शिवहर के 2011-16 बैच के मेधावी छात्र रहे हैं। छात्र जीवन से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का परिचय दिया था। बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। संजीत की सफलता आज जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य विजय कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संजीत ने अपनी लगन, मेहनत और समर्पण से न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे शिवहर जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाना है और संजीत की उपलब्धि इसी उद्देश्य की सार्थकता का प्रमाण है।
विद्यालय परिवार ने संजीत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वहीं उनकी सफलता के बाद पैतृक गांव सहित पूरे क्षेत्र में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शिक्षकों और अभिभावकों का मानना है कि नवोदय विद्यालय के छात्र लगातार प्रशासनिक सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के झंडे गाड़ रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.