मोहर्रम को लेकर तरियानी के तीनो थाने में शांति समिति की बैठक
शिवहर - आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर तरियानी, तरियानी छपरा एवं हिरम्मा थाना परिसर में थाना अध्यक्षों के नेतृत्व में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा आम लोगों ने भाग लिया। तरियानी थाना में प्रभारी थाना अध्यक्ष अरुण कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वहीं तरियानी छपरा थाना में थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता तथा हिरम्मा थाना में थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में बैठक संपन्न हुई। बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
थाना अध्यक्षों ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देता है। ऐसे में सभी लोग मिल-जुलकर पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या अशांति फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि सरकार के निर्देशानुसार मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी जुलूस या कार्यक्रम में डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति प्रतिबंध का उल्लंघन करते हुए डीजे का इस्तेमाल करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.