सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ विस्तार
शिवहर - मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु ऑनलाइन माध्यम से भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के अंतर्गत, शिवहर जिले के सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में नव-निर्मित 05 शय्या (बेड) वाले ICU एवं वेंटिलेटरयुक्त गहन चिकित्सा इकाई को जनता को समर्पित किया गया। यह जिले के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी और सकारात्मक उपलब्धि है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आलोक में सरोजा सीताराम सदर अस्पताल, शिवहर में जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी ने स्वयं उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के इस उन्नयन को जिलेवासियों के लिए एक सौगात बताया।स्थानीय स्तर पर जिले के 20 सूत्री उपाध्यक्ष द्वारा फीता काटकर इस नवनिर्मित जीवन रक्षक इकाई (ICU) का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। मुख्य रूप से सभापति राजन नन्दन सिंह नगर परिषद, शिवहर, विशेष कार्य पदाधिकारी प्रेम सागर मिश्रा,सिविल सर्जन डॉ आरके सिंह, डीपीएम स्वास्थ्य, अस्पताल के सम्मानित चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारीगण मौके पर मौजूद थे। सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में इस 5 बेड के आधुनिक आईसीयू और वेंटिलेटर की सुविधा शुरू हो जाने से शिवहर जिले के आमजनों को अब आपातकालीन एवं गंभीर स्थिति में बेहतर, त्वरित और उच्च स्तरीय इलाज स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा। यह कदम जिले में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने और आमजन के जीवन को सुरक्षित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और सरकार की एक मजबूत पहल है।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.