बैंक ऑफ़ बड़ौदा के मेगा क्रेडिट कैंप में आरसेटी से प्रशिक्षित 70 महिलाओं को मिला स्वरोजगार का संबल

शिवहर - ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ़ बड़ौदा,क्षेत्रीय कार्यालय, दरभंगा द्वारा बड़ौदा आरसेटी (RSETI), शिवहर परिसर में मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ौदा आरसेटी,शिवहर से प्रशिक्षण प्राप्त 70 महिलाओं को स्वरोजगार की शुरुआत एवं अपने मौजूदा उद्यम के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया। कार्यक्रम में मिहिर कुमार मिश्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक,बैंक ऑफ़ बड़ौदा,दरभंगा,अमरेश कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), शिवहर,प्रहलाद कुमार झा, मुख्य शाखा प्रबंधक,बैंक ऑफ़ बड़ौदा,शिवहर,मनीषा झा, वरीय प्रबंधक (प्राथमिक क्षेत्र) क्षेत्रीय कार्यालय, दरभंगा,पवन कुमार, निदेशक,बड़ौदा आरसेटी, शिवहर तथा शिवहर जिले के बैंक ऑफ़ बड़ौदा की सभी शाखाओं के शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय प्रबंधक मिहिर कुमार मिश्रा ने कहा कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा प्रशिक्षित उद्यमियों को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नए उद्यमों को सफल बनाने में भी सहयोग देना है। एलडीएम अमरेश कुमार ने कहा कि आरसेटी एवं बैंकों के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को नई दिशा मिल रही है। प्रशिक्षित लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्य शाखा प्रबंधक  प्रहलाद कुमार झा ने लाभार्थियों से ऋण राशि का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को सफल बनाने तथा समय पर ऋण अदायगी करने का आग्रह किया। सुश्री मनीषा झा,वरीय प्रबंधक (प्राथमिक क्षेत्र) ने बैंक द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं प्राथमिक क्षेत्र ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। आरसेटी निदेशक पवन कुमार ने बताया कि आरसेटी द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को बैंकिंग सहायता उपलब्ध होने से वे आत्मविश्वास के साथ अपना व्यवसाय शुरू कर रही हैं तथा अपने उद्यम का विस्तार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता का यह समन्वय ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार को नई गति प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान ऋण प्राप्त करने वाली महिलाओं ने बैंक ऑफ़ बड़ौदा एवं बड़ौदा आरसेटी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शाखा प्रमुखों ने लाभार्थियों को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, डिजिटल सेवाओं एवं उद्यम संचालन से संबंधित उपयोगी जानकारी भी प्रदान की।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.