न्यायाधीश ने किया दत्तक ग्रहण संस्थान का औचक निरीक्षण

शिवहर - जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ललन कुमार रजक ने शनिवार को स्थानीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था,आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा इंतजाम तथा बच्चों के आगमन की संभावित तैयारियों का जायजा लिया गया। वही निरीक्षण में संस्थान का ढांचा, कार्यालयी अभिलेख, पंजी एवं अन्य विधिक दस्तावेज अद्यतन और व्यवस्थित पाए गए। वर्तमान में संस्थान में कोई बच्चा आवासित नहीं है, फिर भी पूरे परिसर को साफ-सुथरा एवं पूरी तरह तैयार रखा गया है। निरीक्षण के बाद डालसा सचिव ललन कुमार रजक ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि जिले में कहीं भी कोई लावारिस या बेसहारा बच्चा मिले तो उसकी सुरक्षा और विधिक पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें।  उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को बिना वैधानिक प्रक्रिया के अपने पास रखना या अवैध रूप से गोद लेना कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय बच्चों को कानूनी संरक्षण दिलाना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे मामलों में आम जनता की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.