NEET पेपर लीक के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

शिवहर - नीट पेपर लीक मामले को लेकर आहूत बिहार बंद के दौरान शनिवार को शिवहर में भीम आर्मी भारत एकता मिशन से जुड़े बंद समर्थकों ने जीरोमाइल चौक पर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों के जीरोमाइल चौक पहुंचते ही कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क पर प्रदर्शन और नारेबाजी के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। हालांकि प्रशासन की सक्रियता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष बागी कौशल कुमार प्रियदर्शी ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है और छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। 

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाया जाए और साथ ही शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए। प्रदर्शन में देवेंद्र राम, राकेश बैठा,रामविनय राम, सुनील रंजन, जगन्नाथ पासवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान बंद समर्थकों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा और डीएम मैडम को ज्ञापन सौंपा।वहीं बिहार बंद को लेकर जिला प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क था। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरोमाइल चौक सहित प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। 

कानून-व्यवस्था की निगरानी स्वयं अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुशील कुमार कर रहे थे। उनके नेतृत्व में पुलिस बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। मौके पर ट्रैफिक डीएसपी, भाई भारत थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। प्रशासन की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के कारण प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

रिपोर्टर - संजय गुप्ता 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.