ICDS की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न; पोषण ट्रैकर में 97% लक्ष्य हासिल करने का सख्त निर्देश
शिवहर - जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में समेकित बाल विकास सेवाएं तथा महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आँगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं,कुपोषण उन्मूलन और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती किसलय शर्मा ने जिले में संचालित 717 आँगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति रिपोर्ट पेश की। इनमें से लक्षित 28 केंद्रों को 'सक्षम केंद्र' के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों में बाला पेंटिंग, पोषण वाटिका,वाटर फ़िल्टर,LED टीवी और वर्षा जल संचयन जैसी आधुनिक सुविधाएँ सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।जिला समन्वयक अवनीश पाण्डेय द्वारा पोषण ट्रैकर की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। डीएम ने बच्चों में कुपोषण (सैम, मैम, अल्पवजन) पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को अगले माह तक पोषण ट्रैकर के सभी सूचकांकों (पोषाहार वितरण, गृह भ्रमण आदि) में 97% का लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
कार्यों में पिछड़ने वाले तरियानी प्रखण्ड की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को कार्यशैली में सुधार लाने और अगली बैठक से पूर्व सभी इंडिकेटर दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना और कन्या उत्थान योजना के तहत लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी,प्रखण्ड समन्वयक और सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित थीं।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.