पीएम सूर्य घर योजना में सुस्ती पर डीएम सख्त, तीन दिन में लोन स्वीकृत कर वितरण का दिया निर्देश
शिवहर - प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने सोमवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में बैंक अधिकारियों और पंचायत नोडल पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना उचित कारण किसी भी पात्र आवेदक का ऋण आवेदन निरस्त नहीं किया जाए और तीन दिनों के भीतर फील्ड वेरिफिकेशन कर लोन स्वीकृत एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में डीएम ने कहा कि यह केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली महत्वाकांक्षी योजना है, लेकिन जिले में अब तक केवल 37 सोलर इंस्टॉलेशन ही हो सके हैं, जबकि 750 आवेदन लंबित हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिया कि बैंक केवल सिबिल (CIBIL) स्कोर के आधार पर ऋण अस्वीकार न करें। यदि आवेदक की कोई डिफॉल्ट हिस्ट्री नहीं है तो उसका आवेदन हर हाल में स्वीकृत किया जाए।
डीएम ने बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा 23 तथा एसबीआई द्वारा 29 आवेदन निरस्त किए जाने पर नाराजगी जताई, वहीं पीएनबी की धीमी ऋण स्वीकृति प्रक्रिया पर भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ऋण के लिए जमीन के कागजात की आवश्यकता नहीं है। किराये के मकान में रहने वाले आवेदकों के लिए मकान मालिक का एनओसी पर्याप्त होगा। तीन किलोवाट परियोजना के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत मार्जिन मनी आवेदक के खाते में रहनी चाहिए। बैठक में पंचायत नोडल पदाधिकारियों को सूचीबद्ध वेंडरों के माध्यम से शीघ्र इंस्टॉलेशन सुनिश्चित कराने तथा किसी भी समस्या की जानकारी सीधे जिलाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए गए।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.